बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर निकले तेजस्वी यादव, नाव की खराबी पर सरकार पर साधा निशाना

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:हाजीपुर: बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे। हाजीपुर के तेरसिया क्षेत्र में लोगों से मिलने के लिए प्रशासन की ओर से उनके लिए SDRF की नाव की व्यवस्था की गई थी, लेकिन रास्ते में ही नाव में तकनीकी खराबी आ गई। महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर-1 से तेजस्वी यादव SDRF की नाव पर सवार हुए थे। नाव नदी में कुछ दूरी तक पहुंची ही थी कि उसमें से हवा निकलने लगी। SDRF के कर्मियों ने नाव को ठीक करने की कोशिश की, लेकिन समस्या दूर नहीं हो सकी।

कार्यकर्ताओं ने दूसरी नाव की व्यवस्था की
सरकारी नाव के काम न करने के बाद मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक निजी नाव का इंतजाम किया। इसके बाद तेजस्वी यादव उसी नाव से आगे रवाना हुए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर लोगों की स्थिति देखी और जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री भी वितरित की। दौरे के दौरान तेजस्वी ने नाव की स्थिति को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बोट काफी पुरानी थी और उसमें लगातार हवा निकल रही थी। इसी बहाने उन्होंने सरकारी इंतजामों पर तंज कसते हुए कहा कि नाव की तरह ही व्यवस्था की भी हवा निकलती दिखाई दे रही है।
साजिश है या नहीं, कुछ नहीं कहूंगा’
नाव की खराबी को लेकर जब तेजस्वी यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने इसे लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह घटना साजिश के तहत हुई या नहीं, इस बारे में वह कुछ नहीं कहेंगे। हालांकि, उन्होंने यह जरूर सवाल उठाया कि अगर नेता प्रतिपक्ष के दौरे के लिए उपलब्ध कराई गई नाव की ऐसी हालत है तो बाढ़ के बीच आम लोगों को किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा होगा।
बाढ़ राहत व्यवस्था पर भी निशाना
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि कई बाढ़ प्रभावित परिवारों को पर्याप्त भोजन और आवागमन के लिए नाव उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उनके मुताबिक, जलभराव वाले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें लगातार बनी हुई हैं और प्रशासन को राहत अभियान और तेज करने की जरूरत है।

Share This Article