नरकटियागंज से 50 जायरीन उमरा के लिए रवाना, दिल्ली से सऊदी अरब के लिए भरेंगे उड़ान

Shreya Raj
नरकटियागंज जंक्शन पर उमरा के लिए रवाना होने से पहले सामूहिक तस्वीर में नजर आए जायरीन और उनके परिजन।

NEWS PR डेस्क:पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज से 50 जायरीन उमरा के लिए रवाना हुए। पश्चिम चंपारण के अलावा मोतिहारी, छपरा, सिवान, कुशीनगर और नरकटियागंज के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे जायरीन नरकटियागंज जंक्शन पर एकत्र हुए। यहां से सभी सत्याग्रह एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए। स्टेशन पर परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने दुआओं के साथ जायरीनों को विदा किया और उनकी सुरक्षित यात्रा की कामना की।

मदीना ट्रेवल्स ने संभाली यात्रा की व्यवस्था

मदीना ट्रेवल्स के व्यवस्थापक जुबेर अहमद ने बताया कि उमरा के लिए रवाना हुए जत्थे में हाजी इलियास, इस्लाम मियां, रेयाज अहमद, असद हुसैन खान, हबीबुल्लाह आलम, असलम हुसैन, मोहम्मद शकील, मोहम्मद कुरैश और हाफिज राशिद अनवर समेत कई लोग शामिल हैं।

जत्थे में महिलाएं भी शामिल हैं। सभी जायरीन पहले ट्रेन से दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद सोमवार को विमान से सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे।

उमरा की रस्म अदा कर देश में अमन की करेंगे दुआ

दिल्ली से सऊदी अरब पहुंचने के बाद सभी जायरीन उमरा की रस्म अदा करेंगे। रवाना होने से पहले शिवगंज मस्जिद के इमाम हाफिज मनौव्वर हुसैन ने देश में अमन-शांति और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की।

उन्होंने सभी जायरीनों की सुरक्षित यात्रा और उमरा की रस्म के सफलतापूर्वक पूरा होने की कामना की। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद लोगों ने भी जायरीनों को शुभकामनाएं दीं।

जायरीनों को विदा करने स्टेशन पहुंचे कई लोग

रवानगी के मौके पर हाफिज फैजान अहमद, मुफ्ती साबिर हुसैन, इमाम हसन, मौलाना मसूद कासमी और असगर अली रहमानी समेत कई लोग मौजूद रहे। जायरीनों के रवाना होने के दौरान स्टेशन पर धार्मिक और भावुक माहौल देखने को मिला।

परिजनों और रिश्तेदारों ने उन्हें दुआओं के साथ विदा किया। नरकटियागंज से रवाना हुआ यह जत्था दिल्ली के रास्ते सऊदी अरब पहुंचकर उमरा की धार्मिक रस्म में शामिल होगा।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article