NEWS PR डेस्क: अररिया जिले में अवैध खनन और बालू माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फारबिसगंज के रामपुर क्षेत्र में अवैध रूप से जमा किए गए बालू के विशाल भंडारण को जब्त कर लिया। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि रामपुर रोड के आसपास बड़े पैमाने पर बिना अनुमति के बालू का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें बालू का भंडारण अवैध पाया गया।जांच के बाद अधिकारियों ने मौके पर जमा हजारों ट्रेलर बालू को जब्त कर प्रशासनिक कब्जे में ले लिया। अधिकारियों का कहना है कि यह भंडारण बिना वैध अनुमति और नियमों का उल्लंघन कर किया गया था।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई
इस अभियान का नेतृत्व फारबिसगंज के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अभय कुमार तिवारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राज किशोर कुमार ने किया। दोनों अधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल और प्रशासनिक टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
अवैध खनन पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, बालू माफियाओं और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है।कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की पहल का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि अवैध खनन से पर्यावरण और सरकारी राजस्व दोनों को नुकसान पहुंचता है, इसलिए ऐसे तत्वों पर सख्ती जरूरी है। अररिया से धन्नु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
