भागलपुर: विक्रमशिला पुल मरम्मति कार्य की समीक्षा, मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : भागलपुर: विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन और मरम्मति कार्य को लेकर बिहार सरकार ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने शुक्रवार सुबह विक्रमशिला सेतु पहुंचकर चल रहे कार्यों का स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।


निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन एवं मरम्मति का कार्य 30 नवंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डिस्मेंटलिंग और बेली ब्रिज हटाने को लेकर निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को डिस्मेंटलिंग के लिए चल रहे स्टेजिंग कार्य को निर्धारित मानकों और समय-सीमा के अनुसार पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आगामी चरणों में बेली ब्रिज को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
जनसुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता
निरीक्षण के बाद पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को बेहतर संपर्क व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विक्रमशिला सेतु से जुड़े सभी कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article