NEWS PR डेस्क :पटना में BPSC TRE-4 अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के दौरान मंगलवार को डाकबंगला चौराहे पर तनाव बढ़ गया। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसी बीच वहां मौजूद पुलिस द्वारा प्रदर्शन कर रहे छात्र को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

डाकबंगला पर पुलिस-छात्रों में धक्का-मुक्की
वहीं डाकबंगला चौराहे पर छात्रों और CRPF जवानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने की सूचना है, जबकि एक छात्रा सड़क पर बेहोश होकर गिर गई। छात्रा के बेहोश होने के बाद कुछ देर तक वह सड़क पर ही पड़ी रही। बाद में SDPO (विधि व्यवस्था-2) कोमल मीणा मौके पर पहुंचीं और पुलिसकर्मियों को छात्रा को उठाने का निर्देश दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे उठाकर पुलिस वाहन तक ले गए।
वहीं, वाटर कैनन से पानी की बौछार के बीच कुछ प्रदर्शनकारी छात्र शैंपू लगाकर नहाते हुए भी नजर आए। छात्रों के प्रदर्शन के बीच मौके पर बंकर वाहन भी बुलाया गया, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा अभियानों के दौरान किया जाता है।
बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े छात्र
BPSC TRE-4 अभ्यर्थी एक परीक्षा, निगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100 फीसदी डोमिसाइल समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे, जिन्हें रोकने के लिए प्रशासन ने बैरिकेडिंग की थी हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ गए। इसके बाद डाकबंगला चौराहे पर पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया। बढ़ते तनाव को देखते हुए पटना के DM और SSP ने मोर्चा संभाल लिया है। शहर के प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।