जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करें, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Shreya Raj
पश्चिम चंपारण समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सोमवारीय बैठक का दृश्य।

NEWS PR डेस्क: बेतिया: पश्चिम चंपारण जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में सोमवारीय बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और सभी योजनाओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया।

विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की शिकायतों का समयबद्ध समाधान

विद्यार्थी सहयोग शिविर की समीक्षा के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का पारदर्शी तरीके से समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जीवन प्रमाणीकरण से जुड़े लंबित आवेदनों का भी जल्द निपटारा कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।

पीएम सूर्यघर योजना के लिए कैंप लगाने का निर्देश

पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने बेतिया और बगहा के कार्यपालक अभियंताओं को उपयुक्त स्थानों पर कैंप आयोजित करने को कहा। इन कैंपों के माध्यम से नए आवेदन लेने, इंस्टॉलेशन, स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने पंचायत सरकार भवनों में विद्युत कनेक्शन और भूमि से संबंधित लंबित कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराने को कहा।

आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली और नल-जल की व्यवस्था

राष्ट्रीय पोषण माह की समीक्षा के दौरान बिना भवन वाले आंगनबाड़ी केंद्रों को उपयुक्त भवनों में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली और नल-जल की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में डीडीसी काजले वैभव नितिन समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति पर लगातार निगरानी रखने और लंबित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article