भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र के नया टोला, पकड़ा वार्ड संख्या-3 में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। इस मामले में पीड़ित रवि कुमार सिंह ने नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पटना से लौटे तो टूटा मिला ताला, घर का सामान था बिखरा
पीड़ित रवि कुमार सिंह ने अपने आवेदन में बताया कि वह रात करीब 2 बजे पूरे परिवार के साथ पटना गए थे। 5 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे जब वे वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह घर के अंदर प्रवेश करने पर उन्होंने देखा कि पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा था। वहीं, पीछे का दरवाजा खुला हुआ था और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। इससे साफ प्रतीत होता है कि चोर पीछे के रास्ते घर में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
दो एलसीडी टीवी, 65 हजार नकद और जरूरी दस्तावेज ले गए चोर
रवि कुमार सिंह के अनुसार, चोर घर से दो एलसीडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा, मिक्सी, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक से जुड़े कागजात, कपड़े तथा बक्से में रखे 65 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए, इसके अलावा अन्य घरेलू सामान भी चोरी हुआ है। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग, जांच शुरू
घटना के बाद पीड़ित ने अपने स्तर पर चोरी गए सामान की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई और चोरी का जल्द खुलासा करने के साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है।
भागलपुर से रिपोर्टर : शयामानंद सिंह