NEWS PR डेस्क : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का असर बिहार में भी देखने को मिल रहा है। प्रदेश के शहरों से लेकर गांवों तक तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोग राष्ट्रभक्ति के इस अभियान से जुड़ रहे हैं।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास की छत पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराने के बाद उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। मुख्यमंत्री ने तिरंगे के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा!”
राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील..
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत उन्होंने लोक सेवक आवास पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया है। उन्होंने बिहारवासियों से भी अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
उन्होंने लोगों से तिरंगे के साथ तस्वीरें लेकर सोशल मीडिया पर #HarGharTiranga के साथ साझा करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, नागरिकों की भागीदारी से यह अभियान और व्यापक रूप लेगा तथा देशभक्ति का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा।
संदेश का समापन “जय हिंद” के उद्घोष के साथ…
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए बिहार के अलग-अलग हिस्सों में तिरंगा यात्राओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों का सिलसिला जारी है। राष्ट्रीय ध्वज के साथ बड़ी संख्या में लोग उत्साह और गर्व के साथ इन कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन “जय हिंद” के उद्घोष के साथ किया।