गया जी में नल-जल ठेकेदार का नगर निगम पर गंभीर आरोप, कूड़ा फेंकने की शिकायत पर जांच के आदेश

Contractor vs Municipal Corporation in Gaya, inquiry ordered

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

गया जी के कुजापि मोहल्ला क्षेत्र में नल-जल योजना से जुड़े एक ठेकेदार ने नगर निगम के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ठेकेदार अनिल भूषण का कहना है कि सात महीने से उनका बकाया भुगतान नहीं किया गया और भुगतान मांगने पर उनके घर के सामने कूड़ा फेंकवा दिया गया।
सात महीने से बकाया भुगतान का आरोप
ठेकेदार अनिल भूषण ने बताया कि वे लंबे समय से नगर निगम के लिए नल-जल, प्याऊ और चापाकल मरम्मत जैसे कार्य करते आ रहे हैं। उनके अनुसार पिछले सात महीनों से भुगतान लंबित है। उन्होंने कहा कि कई बार लिखित और मौखिक रूप से भुगतान की मांग की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। इसके बावजूद उनसे लगातार काम कराया जाता रहा।
घर के सामने कूड़ा फेंकने का आरोप
ठेकेदार और उनके मैनेजर राजेश कुमार का आरोप है कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे नगर निगम के कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर से उनके घर के मुख्य द्वार पर कूड़ा फेंक दिया गया। अनिल भूषण ने दावा किया कि जब वे अपनी मां को इलाज के लिए पटना ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तब रास्ता अवरुद्ध होने के कारण वे नहीं जा सके।
सीसीटीवी फुटेज का दावा
ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि इस घटना में नगर निगम के सिटी मैनेजर और जल विभाग के कार्यपालक अभियंता की भूमिका है। उनका कहना है कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसमें ट्रैक्टर से कूड़ा गिरते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत थी तो कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस दिया जाना चाहिए था, न कि इस तरह का कदम उठाया जाना चाहिए। नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने कहा कि उन्हें कूड़ा फेंके जाने की घटना की जानकारी नहीं थी। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि ठेकेदार के खिलाफ कुछ शिकायतें मिली थीं, जिनकी जांच के लिए टीम भेजी गई थी। मामला सामने आने के बाद नगर आयुक्त ने जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article