NEWS PR डेस्क: पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के एक पॉश इलाके में शुक्रवार रात ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश के दौरान अपराधियों ने दुकान मालिक को गोली मार दी। इस घटना में आंचल अलंकार ज्वेलर्स के मालिक दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके पेट में लगी है और उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। दीपक कुमार दुकान का अगला शटर आधा गिराकर अंदर बैठे थे, जबकि दुकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ था। इसी रास्ते से एक हथियारबंद अपराधी चुपचाप दुकान के अंदर घुसने लगा।

अपराधी पर सबसे पहले दीपक कुमार की पत्नी की नजर पड़ी। उन्होंने बिना डरे बदमाश का विरोध किया और उससे भिड़ गईं। पत्नी को अकेले संघर्ष करते देख दीपक कुमार भी उनकी मदद के लिए आगे आए। इसी दौरान अपराधी ने पिस्टल से गोली चला दी, जो सीधे दीपक के पेट में जा लगी। गोली लगते ही दीपक कुमार खून से लथपथ होकर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी अपनी पिस्टल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की गई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दीपक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 सदर मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।