NEWS PR डेस्क: समस्तीपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी (विजिलेंस) विभाग ने समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबहुद्दीन पंचायत के मुखिया सिया राम राय को 1.25 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई के बाद स्थानीय प्रशासनिक और जनप्रतिनिधि हलकों में हड़कंप मच गया है।

शिक्षक की शिकायत पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, चकबहुद्दीन पंचायत के एक स्थानीय शिक्षक अब्दुल मनान से किसी पंचायत या विभागीय कार्य के निष्पादन के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। रिश्वत की मांग से परेशान शिक्षक ने पटना स्थित निगरानी विभाग से इसकी शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना तैयार की गई।

1.25 लाख रुपये लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तारी
निगरानी विभाग के डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए मुखिया सिया राम राय को 1.25 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि शिक्षक अब्दुल मनान ने जैसे ही केमिकल लगे नोट मुखिया को सौंपे, पहले से सादे लिबास में मौजूद विजिलेंस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ के लिए सर्किट हाउस ले जाया गया
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस की टीम मुखिया को अपने साथ समस्तीपुर स्थित सर्किट हाउस ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही आवश्यक कानूनी और दस्तावेजी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।निगरानी ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मुखिया के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। विजिलेंस विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की आगे जांच जारी है।
