पटना के बख्तियारपुर में बड़ा हादसा: गंगा में डूबीं 7 बच्चियां, 2 के शव मिले

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना के बख्तियारपुर में सोमवार सुबह गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। रानीसराय गंगा घाट पर स्नान करने पहुंची सात बच्चियां अचानक नदी की तेज धार में डूबने लगीं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीन बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि चार बच्चियां गहरे पानी में बह गईं। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
घटना सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव की लड़कियां रोज की तरह रानीसराय गंगा घाट पर स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान एक बच्ची गहरे पानी में जाने के बाद डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी बच्चियां भी नदी में उतर गईं। देखते ही देखते सात बच्चियां पानी में फंस गईं और डूबने लगीं। शोर सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगाई और तीन बच्चियों को बाहर निकाल लिया हालांकि, चार बच्चियां गंगा की तेज धार में बह गईं।
चार बच्चियां लापता, दो शव बरामद
लापता बच्चियों में अवधेश चंद्रवंशी की पुत्री आरती (21) और नंदनी (16), कमलेश चंद्रवंशी की पुत्री राधिका (15) तथा मंटू चंद्रवंशी की पुत्री बबली (6) शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान दो बच्चियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। अन्य लापता बच्चियों की तलाश अभी जारी है।
सड़क जाम कर एसडीआरएफ बुलाने की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चियों के परिजन रानीसराय घाट पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घाट पर चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ की टीम को जल्द बुलाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। करीब 20 मिनट तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। प्रशासन की तत्परता से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद तलाशी अभियान तेज किया गया।
सभी बच्चियां आपस में चचेरी बहनें
बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुई सभी बच्चियां आपस में चचेरी बहनें हैं। एक साथ परिवार की कई बच्चियों के नदी में डूबने की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। एसडीआरएफ की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन की ओर से हादसे की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

Share This Article