Patna-Muzaffarpur Crime: नाबालिगों को बंधक बनाकर देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना से मुजफ्फरपुर तक फैले नाबालिगों के कथित शोषण के एक नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। अपहरण के बाद नाबालिग बच्चियों को बंधक बनाकर देह व्यापार में धकेले जाने की सूचना पर पुलिस ने दोनों जिलों में एक साथ कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान दो नाबालिग बच्चियों को सकुशल मुक्त कराया गया, जबकि महिला और मकान मालिक समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब गिरोह के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
कथैया थाना क्षेत्र से नाबालिग बच्ची के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। एसएसपी के निर्देश पर एसडीपीओ पश्चिमी वन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच से मिले सुर के आधार पर टीम ने पहले पटना के रामकृष्णानगर में छापेमारी कर अपहृत बच्ची को बरामद किया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर मुजफ्फरपुर में कार्रवाई की गई, जहां से दूसरी नाबालिग बच्ची को भी बंधन से मुक्त कराया गया।
मौके से पुलिस ने वैशाली के बिट्टू कुमार, कथैया की शमीता कुमारी, दीघा निवासी सुजीत कुमार और रामकृष्णानगर के मकान मालिक गिरिजा यादव को गिरफ्तार किया।
आरोपितों की निशानदेही पर मुजफ्फरपुर में कार्रवाई
बरामद बच्ची से पूछताछ और गिरफ्तार आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में छापेमारी की। यहां से अनीता कुमारी, आशीष कुमार और भूषण झा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की छापेमारी के दौरान संबंधित मकान का मालिक फरार मिला। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसी कार्रवाई में पुलिस ने एक अन्य नाबालिग बच्ची को भी बंधक से मुक्त कराया।
पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों और बरामद नाबालिगों से पूछताछ में बच्चियों को बंधक बनाकर कथित तौर पर देह व्यापार कराने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और नाबालिगों को किस तरह इस गिरोह तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपितों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। इसके लिए संबंधित थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।

Share This Article