1,699 केंद्रों पर कल से मैट्रिक परीक्षा, 15 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल, दो स्तर पर होगी तलाशी

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) परीक्षा मंगलवार से राज्यभर में शुरू हो रही है। 1,699 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 15,12,687 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें 7,85,726 छात्राएं और 7,26,961 छात्र पंजीकृत हैं।

समय से पहले पहुंचे परीक्षार्थी

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि दोनों पालियों के लिए परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले प्रवेश शुरू होगा, लेकिन परीक्षा प्रारंभ होने से आधे घंटे पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे।

पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक (प्रवेश सुबह 9 बजे तक अनिवार्य)

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

दूसरी पाली: दोपहर 2 बजे से 5:15 बजे तक (प्रवेश 1:30 बजे तक अनिवार्य)

एक मिनट की भी देरी होने पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। बोर्ड ने जाम और अन्य संभावित बाधाओं को देखते हुए परीक्षार्थियों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी है।

152 मॉडल केंद्र, केवल छात्राओं के लिए

राज्य के प्रत्येक जिले में चार-चार मॉडल केंद्र बनाए गए हैं। कुल 152 मॉडल केंद्रों पर केवल छात्राएं परीक्षा देंगी। इन केंद्रों पर सभी प्रतिनियुक्त कर्मी भी महिलाएं होंगी। पटना जिले में 71,022 परीक्षार्थियों के लिए 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें चार मॉडल केंद्र शामिल हैं।

सख्त सुरक्षा व्यवस्था

परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए दो स्तर पर तलाशी की व्यवस्था की गई है। किसी भी छात्र को इलेक्ट्रॉनिक वॉच, स्मार्ट वॉच या मैग्नेटिक वॉच पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। वैध प्रवेश पत्र, पेन, पेंसिल और आवश्यक सामग्री के अलावा कोई भी अनधिकृत कागजात या गैजेट्स प्रतिबंधित रहेंगे।

यदि कोई परीक्षार्थी गेट बंद होने के बाद जबरन प्रवेश या अवैध तरीके से दीवार फांदने की कोशिश करता है, तो उसे दो वर्ष के लिए परीक्षा से निष्कासित कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सहयोग करने वाले कर्मियों पर भी निलंबन और कानूनी कार्रवाई होगी।

प्रवेश पत्र खोने पर भी मिलेगी राहत

अगर किसी परीक्षार्थी का प्रवेश पत्र खो जाता है या घर पर छूट जाता है, तो उपस्थिति पत्रक में उपलब्ध स्कैन फोटो और रोल सूची से सत्यापन के बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।

कंट्रोल रूम सक्रिय

परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए बोर्ड ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो 25 फरवरी तक कार्यरत रहेगा। किसी भी समस्या की स्थिति में 0612-2232257 और 0612-2232227 पर संपर्क किया जा सकता है।

दिव्यांग परीक्षार्थियों को राइटर की सुविधा लेने पर प्रति घंटा अधिकतम 20 मिनट का अतिरिक्त समय क्षतिपूर्ति के रूप में दिया जाएगा।बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और अभिभावकों से भी सहयोग की अपील की गई है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article