NEWS PR डेस्क : बिहार की राजधानी पटना के नौबतपुर में रिश्तों को झकझोर देने वाला हत्याकांड सामने आया है। जिस भाई के साथ खून का रिश्ता था, उसी पर अपने सगे भाई की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, मिठ्ठू कुमार की हत्या के लिए उसके भाई सोहन कुमार उर्फ अर्जुन कुमार ने कथित तौर पर 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक के भाई समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
निवा पुल के पास मारी गई थी गोली
घटना 9 अक्टूबर की है। नौबतपुर थाना क्षेत्र के निवा पुल के पास मिठ्ठू कुमार को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल मिठ्ठू को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा लिया।
तीन कथित शूटर गिरफ्तार, भाई की भूमिका भी आई सामने
पुलिस जांच के दौरान तीन कथित शूटरों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने अभिनव कुमार उर्फ सूरज कुमार भूरी, शंकर कुमार उर्फ प्रेम कुमार और आशीष कुमार उर्फ अजय साव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के दौरान मृतक के भाई सोहन कुमार उर्फ अर्जुन कुमार की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने 13 अक्टूबर की रात उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश के लिए 1.20 लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी।
हथियार, कारतूस और 92 हजार रुपये नकद बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 92 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने दावा किया है कि वारदात के 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है। पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट