सम्राट कैबिनेट में नए चेहरों की एंट्री, डॉक्टर से मंत्री बनीं डॉ. श्वेता गुप्ता

शिवहर में जश्न, डॉ. श्वेता गुप्ता को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Rashmi Tiwari

बिहार में गुरुवार को हुए सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में कई नए और चौंकाने वाले चेहरों को जगह मिली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कैबिनेट में कुल 32 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इस विस्तार में जदयू और भाजपा दोनों ने नए चेहरों पर दांव खेलते हुए सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की है। जदयू कोटे से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली। उनके अलावा श्वेता गुप्ता और बुलो मंडल को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा शिवहर से विधायक बनीं Dr. Shweta Gupta की हो रही है, जिन्होंने पहली बार चुनाव जीतकर सीधे मंत्री पद तक का सफर तय किया है।


शिवहर की पहली महिला विधायक बनीं मंत्री
44 वर्षीय डॉ. श्वेता गुप्ता ने इतिहास रचते हुए शिवहर विधानसभा सीट से विधायक बनने वाली पहली महिला होने का गौरव हासिल किया। बता दें कि राजनीति में आने से पहले डॉ. श्वेता गुप्ता एक सफल और चर्चित चिकित्सक रही हैं। उन्होंने लंबे समय तक सीतामढ़ी और शिवहर इलाके में मरीजों की सेवा की और अपनी अलग पहचान बनाई। उनके पति डॉ. वरुण कुमार भी सीतामढ़ी के चर्चित डॉक्टर हैं। मेडिकल क्षेत्र के अलावा वे हॉस्पिटल, स्कूल और रेस्टोरेंट समेत कई व्यवसायों से जुड़े हैं।


करोड़ों की संपत्ति, साफ-सुथरी छवि
चुनावी हलफनामे के अनुसार डॉक्टर श्वेता गुप्ता की कुल संपत्ति लगभग 28.4 करोड़ रुपये है। 6.6 करोड़ रुपये चल संपत्ति,21.8 करोड़ रुपये अचल संपत्ति,वार्षिक आय करीब 74.4 लाख रुपये,लगभग 4.1 करोड़ रुपये की देनदारी। सबसे खास बात यह है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
बीजेपी ने भी कई नए चेहरों को दिया मौका
वहीं भाजपा की ओर से मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र पासवान, अरुण शंकर प्रसाद, नंद किशोर राम और इंजीनियर शैलेंद्र को पहली बार मंत्रिमंडल में जगह मिली है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का बड़ा प्रयोग मान रहे हैं। डॉ. श्वेता गुप्ता के मंत्री बनने की खबर के बाद शिवहर में समर्थकों और जदयू कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। जगह-जगह मिठाइयां बांटी जा रही हैं और समर्थक इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं।

Share This Article