No Bag Day के साथ नया नियम, अब शनिवार को आधे दिन ही खुलेंगे सरकारी स्कूल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने शनिवार को स्कूल संचालन के समय में बदलाव करते हुए सभी सरकारी विद्यालयों में हाफ डे लागू करने का फैसला लिया है। शिक्षा विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके अनुसार अब शनिवार को स्कूल सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही खुलेंगे। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की घोषणा के अनुरूप लागू की गई है। वहीं, सोमवार से शुक्रवार तक स्कूलों का समय पहले की तरह सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक ही रहेगा।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया कि शनिवार को पहले से लागू ‘नो बैग डे’ की व्यवस्था जारी रहेगी। प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में शैक्षणिक और रचनात्मक गतिविधियां दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगी। इसके बाद 12:00 बजे से 12:40 बजे तक विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन कराया जाएगा और भोजन के बाद उनकी छुट्टी कर दी जाएगी। वहीं, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार को कक्षाएं और अन्य निर्धारित गतिविधियां दोपहर 1:00 बजे तक चलेंगी। इसके बाद सभी छात्रों को घर भेज दिया जाएगा।
अगले दिन और अगले सप्ताह की पाठ योजना तैयार करेंगे शिक्षक
शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के लिए भी नई कार्ययोजना तय की है। निर्देश के अनुसार नियमित कक्षाओं के बाद शिक्षक प्रतिदिन एक घंटे तक अगले दिन और अगले सप्ताह की पाठ योजना तैयार करेंगे। इसके अलावा कॉपियों की जांच, विद्यार्थियों का मूल्यांकन, शिक्षक डायरी अपडेट, प्रयोगशाला प्रबंधन और जरूरत पड़ने पर रिमेडियल कक्षाओं का संचालन भी करेंगे।
रचनात्मक और व्यावहारिक शिक्षा को भी बढ़ावा ..
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ‘नो बैग डे’ को और अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत कला, संगीत और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए दक्ष शिक्षकों की नियुक्ति की योजना पर भी काम चल रहा है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभा विकसित करने का बेहतर अवसर मिल सके। सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से छात्रों पर पढ़ाई का दबाव कम होगा, जबकि रचनात्मक और व्यावहारिक शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।

Share This Article