मुजफ्फरपुर में सुनियोजित विकास की तैयारी, 162 वर्ग किमी नया क्षेत्र होगा शामिल

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मुजफ्फरपुर, 02 मई। मुजफ्फरपुर को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और दीर्घकालिक रूप से विकसित शहर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के आयोजना क्षेत्र के विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसके तहत अब इसका दायरा बढ़ाकर 428.29 वर्ग किलोमीटर करने की योजना है। इस प्रस्ताव पर आम नागरिकों और हितधारकों से 5 मई 2026 तक सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं, ताकि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित और व्यावहारिक मास्टर प्लान तैयार किया जा सके।

अनियोजित विकास पर लगेगा ब्रेक, मिलेगी बेहतर सुविधाएं

जिलाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला आयोजना प्राधिकार सुब्रत कुमार सेन के अनुसार, तेजी से बढ़ते शहरीकरण और आसपास के क्षेत्रों में फैलते विकास को नियंत्रित करने के लिए यह विस्तार जरूरी हो गया है। वर्तमान में शहर का दायरा सीमित है, जबकि विकास का दबाव पंचायत और प्रखंड क्षेत्रों तक पहुंच चुका है। ऐसे में प्रस्तावित योजना के तहत इन क्षेत्रों को एकीकृत कर सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को वैज्ञानिक ढंग से विकसित किया जाएगा। इससे अनियोजित निर्माण और अतिक्रमण पर रोक लगेगी और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।

162.58 वर्ग किमी नया क्षेत्र जुड़ेगा, कुल दायरा 428.29 वर्ग किमी

फिलहाल मुजफ्फरपुर आयोजना क्षेत्र 265.71 वर्ग किलोमीटर में फैला है, जिसमें 216.63 वर्ग किमी ग्रामीण और 47.01 वर्ग किमी शहरी क्षेत्र शामिल हैं। प्रस्तावित विस्तार के तहत 162.58 वर्ग किमी नए क्षेत्र को जोड़ा जाएगा। इसके बाद कुल दायरा बढ़कर 428.29 वर्ग किमी हो जाएगा, जिसमें 361.004 वर्ग किमी ग्रामीण, 59.85 वर्ग किमी शहरी और 7.41 वर्ग किमी सेंसस टाउन क्षेत्र शामिल होंगे।

20 साल आगे की जरूरतों को ध्यान में रखकर प्लान

यह मास्टर प्लान अगले 20 वर्षों की संभावित आबादी और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रस्तावित विस्तारित क्षेत्र की आबादी 11,04,629 है, जो आने वाले समय में और बढ़ने की संभावना है। खास तौर पर तिरहुत ग्रीन फील्ड सैटेलाइट टाउनशिप और उससे जुड़े तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों को इसमें शामिल किया गया है, ताकि संतुलित और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जा सके।

274 गांव और कई शहरी इकाइयां होंगी शामिल

प्रस्तावित आयोजना क्षेत्र में नगर निगम मुजफ्फरपुर, नगर परिषद कांटी और नगर पंचायत माधोपुर सुस्ता के साथ-साथ 5 सेंसस टाउन और 274 राजस्व गांव शामिल किए गए हैं। ब्लॉकवार इसमें मुसहरी के 116, कांटी के 59, कुढ़नी के 32, मड़वन के 44, मीनापुर के 12 और बोचहा के 11 गांव शामिल हैं।

जनभागीदारी से बनेगा बेहतर मास्टर प्लान

डीएम सुब्रत कुमार सेन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रस्तावित विस्तार से संबंधित अपने सुझाव और आपत्तियां तय समय सीमा के भीतर अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही एक प्रभावी, समावेशी और संतुलित मास्टर प्लान तैयार किया जा सकता है, जो आने वाले वर्षों में मुजफ्फरपुर के विकास की मजबूत नींव बनेगा।

आधुनिक और रहने योग्य शहर की ओर पहल

यह पहल मुजफ्फरपुर को भविष्य में एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और रहने योग्य शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि शहर का विकास भी संतुलित और टिकाऊ तरीके से आगे बढ़ेगा।

Share This Article