NEWS PR डेस्क: गया | भोजपुरी अभिनेता, गायक और बिहार विधान परिषद (एमएलसी) सदस्य पवन सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। भोजपुर साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गया के युवक की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है। वह गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के साव पंचायत अंतर्गत तेतरिया गांव का रहने वाला है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर पवन सिंह के साथ-साथ उनकी मां, बहन और पत्नी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट की थीं।
परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने के बाद पवन सिंह के परिजनों ने भोजपुर साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
तकनीकी जांच के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान भोजपुर साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से आरोपी की पहचान की। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। आखिरकार भोजपुर पुलिस ने आमस थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी सोनू यादव को उसके गांव तेतरिया से गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक प्रक्रिया शुरू
आमस थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को भोजपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेज दिया गया।
पुलिस ने दी सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को चेतावनी
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अपमानजनक, मानहानिकारक या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करना कानूनन अपराध है। मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने यह पोस्ट अकेले की थी या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल थे।गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
