परीक्षा परिणाम पर सवाल, पुनर्मूल्यांकन की मांग को लेकर CM से मिलेंगे पारा-मेडिकल, नर्सिंग और फार्मेसी कॉलेज संचालक

Shreya Raj
परीक्षा परिणाम और पुनर्मूल्यांकन की मांग को लेकर एकजुट होकर खड़े पारा-मेडिकल, नर्सिंग एवं फार्मेसी कॉलेजों के संचालक व प्रतिनिधि।

NEWS PR डेस्क : पटना : बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से संबद्ध पारा-मेडिकल, नर्सिंग और फार्मेसी कॉलेजों के संचालकों की पटना में बैठक हुई। इसमें छात्रों के परीक्षा परिणाम, बड़ी संख्या में छात्रों के फेल होने, शैक्षणिक सत्र में देरी और परीक्षा संचालन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।

परीक्षा परिणाम की समीक्षा और पुनर्मूल्यांकन की मांग

संचालकों ने कहा कि हाल में जारी परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों में असंतोष है। कई छात्र परिणाम की समीक्षा और उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग कर रहे हैं। कुछ जगहों पर छात्रों के विरोध और आंदोलन की जानकारी भी बैठक में सामने आई।

मुख्यमंत्री और कुलपति से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि कॉलेज संचालकों का प्रतिनिधिमंडल बिहार के मुख्यमंत्री, बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के कुलपति और अन्य संबंधित अधिकारियों से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल परीक्षा परिणाम की समीक्षा, संभावित तकनीकी या मूल्यांकन संबंधी त्रुटियों की जांच और जरूरत पड़ने पर उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की मांग रखेगा।

छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता

संचालकों ने कहा कि परीक्षा और परिणाम में देरी से छात्रों की आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायतों का पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से समाधान होना चाहिए।

संचालकों ने स्पष्ट किया कि उनकी पहल किसी संस्था का विरोध करने के लिए नहीं, बल्कि छात्रों के शैक्षणिक हितों की रक्षा के लिए है। बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने छात्रों की जायज मांगों पर जल्द और सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।

Share This Article