सरकार से समझौते के बाद खत्म हुई सफाई कर्मियों की हड़ताल, पटना में आज से सफाई शुरू

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :पिछले सात दिनों से कूड़े के ढेर, बदबू और गंदगी से परेशान पटनावासियों के लिए आखिरकार राहत की खबर आ गई है। सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त हो गई है और शुक्रवार से राजधानी में फिर से सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने लगी है। नगर निगम ने भी पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने की तैयारी कर ली है, ताकि अगले दो से तीन दिनों में हालात सामान्य किए जा सकें।

30 जुलाई से शुरू हुई इस हड़ताल के कारण पटना के कई इलाकों में नियमित सफाई पूरी तरह प्रभावित हो गई थी। सड़कों और मोहल्लों में कूड़े के बड़े-बड़े ढेर जमा हो गए थे, जिससे दुर्गंध फैलने के साथ संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया था। लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
अधिकारियों और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच लंबी बैठक
गुरुवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से अधिकारियों और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच लंबी बैठक हुई। कई दौर की बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और सफाई कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया। सरकार ने कर्मचारियों की 11 सूत्री मांगों पर सकारात्मक विचार करने और उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू करने का आश्वासन दिया है।
महत्वपूर्ण सुविधाएं देने पर सहमति बनी
इस समझौते का सबसे बड़ा लाभ दैनिक सफाई कर्मियों को मिलेगा। अब उन्हें भी नियमित कर्मचारियों की तरह कई महत्वपूर्ण सुविधाएं देने पर सहमति बनी है। इसके तहत न्यूनतम मजदूरी के साथ हर महीने लगभग 10 दिनों का अवकाश, भविष्य निधि (PF), ग्रेच्युटी, मेडिकल सुविधा और जीवन बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे हजारों अस्थायी सफाई कर्मियों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मजबूत होगी।
किसी भी कर्मचारी को हटाने से पहले निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाएगा..
बैठक में यह भी तय किया गया कि भविष्य में किसी भी कर्मचारी को हटाने से पहले निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाएगा। कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा को लेकर भी सरकार ने भरोसा दिलाया है। साथ ही अन्य लंबित मांगों पर विचार करने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा, जो अपनी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की सिफारिश करेगी।
सफाई कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में काम शुरू करने के निर्देश
वहीं हड़ताल समाप्त होने के तुरंत बाद नगर निगम ने सभी सफाई कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में काम शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। सबसे पहले उन इलाकों में विशेष अभियान चलाया जाएगा, जहां सबसे अधिक कूड़ा जमा है। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त संसाधनों और कर्मचारियों की मदद से अगले 48 से 72 घंटों के भीतर शहर की सफाई व्यवस्था सामान्य करने का लक्ष्य रखा गया है।

Share This Article