NEWS PR डेस्क: बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और भोजपुरी क्वीन अक्षरा सिंह की जोड़ी इन दिनों फिल्म ‘ईठा’ को लेकर चर्चा में है। फिल्म के प्रमोशन के लिए श्रद्धा कपूर आज पटना पहुंचने वाली हैं। राजधानी के रीजेंट थिएटर में शाम 4:15 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जहां श्रद्धा कपूर के साथ अक्षरा सिंह भी मौजूद रहेंगी। दोनों अभिनेत्रियां फिल्म से जुड़े अनुभव और इसकी कहानी को लेकर मीडिया से बातचीत करेंगी।
फिल्म के प्रमोशनल कार्यक्रम को लेकर पटना में प्रशंसकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए अक्षरा सिंह को बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला है।
‘ईठा’ में अक्षरा सिंह का देसी अंदाज, श्रद्धा के साथ लगाए ठुमके!
फिल्म के म्यूजिकल ट्रेलर में अक्षरा सिंह पारंपरिक मराठी अंदाज में नजर आ रही हैं। गजरा, नथ, झुमके और पारंपरिक हार से सजा उनका लुक दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। वहीं, श्रद्धा कपूर और अक्षरा सिंह ‘मिर्च मसाला’ गाने पर डांस करती दिखाई दे रही हैं।
श्रद्धा कपूर ने की अक्षरा सिंह की तारीफ
फिल्म के गाने पर अक्षरा सिंह ने सोशल मीडिया पर एक खास रील शेयर की थी। श्रद्धा कपूर ने इस रील को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, ‘अक्ष की अदाएं…उफ।’ श्रद्धा की इस तारीफ से अक्षरा सिंह काफी खुश नजर आईं।
अक्षरा ने श्रद्धा के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि ‘ईठा’ उनके लिए महज एक फिल्म नहीं, बल्कि एक इमोशन है। उन्होंने श्रद्धा कपूर को बेहतरीन अभिनेत्री के साथ-साथ शानदार इंसान भी बताया। अक्षरा के मुताबिक, उनके साथ स्क्रीन शेयर करना हमेशा यादगार रहेगा।
4 दिसंबर को रिलीज होगी ‘ईठा’
फिल्म ‘ईठा’ महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। श्रद्धा कपूर फिल्म में विठाबाई का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में उनके संघर्ष, कला के प्रति समर्पण और जीवन के उतार-चढ़ाव को दिखाया जाएगा।अब देखना दिलचस्प होगा कि श्रद्धा और अक्षरा की यह जोड़ी दर्शकों को कितना पसंद आती है। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
श्रद्धा-अक्षरा की जोड़ी का दिखेगा जलवा, 4 दिसंबर को रिलीज होगी ‘ईठा’