पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र, पुलिस से झड़प के बीच भाजपा नेता की गाड़ी पर पथराव

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 22 जुलाई। NEET पेपर लीक, TRE-4 की अधिसूचना जारी करने और BPSC AEDO परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को राजधानी पटना में छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। गांधी मैदान से राजभवन मार्च के लिए निकले प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई स्थानों पर टकराव हुआ। इस दौरान भाजपा विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर पथराव किया गया, जबकि एक भाजपा नेता के साथ मारपीट की भी सूचना है।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्र उसे पार कर आगे बढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़े, जहां दोबारा बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की गई।

इसी दौरान भाजपा का झंडा लगी एक गाड़ी प्रदर्शनकारियों के निशाने पर आ गई। पथराव में वाहन के शीशे टूट गए। घटनास्थल पर मौजूद एक भाजपा नेता के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की भी खबर सामने आई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी मच गई।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

प्रदर्शन के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लग गया। हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

डाकबंगला चौराहे पर छात्रों ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और ताली बजाकर विरोध दर्ज कराया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन समाप्त करने और वापस लौटने की अपील की, लेकिन छात्र राजभवन मार्च पर अड़े रहे।

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि वे केवल NEET पेपर लीक ही नहीं, बल्कि TRE-4 की अधिसूचना जारी करने, BPSC AEDO परीक्षा में कथित अनियमितताओं और राज्य की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सरकार से जवाब चाहते हैं। उनका कहना है कि जब तक इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article