गन्ना उद्योग मंत्री ने दोहराई सरकार की प्रतिबद्धता, किसानों के हित और गन्ना आधारित उद्योग का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना , 28 जुलाई। राज्य के बंद पड़े चीनी मिलों के पुनरुद्धार, गन्ना किसानों की समस्याओं के समाधान तथा चीनी उद्योग के समग्र विकास को लेकर मंगलवार को विकास भवन स्थित गन्ना उद्योग विभाग के सभाकक्ष में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने की।

बैठक में बरौली विधायक मंजीत कुमार सिंह, रीगा विधायक वैद्यनाथ प्रसाद, मधुबनी विधायक माधव आनंद, धौरैया (बांका) विधायक मनीष कुमार, रुन्नीसैदपुर विधायक पंकज कुमार मिश्र, रक्सौल विधायक प्रमोद कुमार सिन्हा, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल, मोईनुद्दीन नगर विधायक राजेश कुमार सिंह, गोविंदगंज विधायक राजू तिवारी, लौरिया विधायक विनय बिहारी तथा हरलाखी विधायक सुधांशु शेखर सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह एवं ईख आयुक्त अनिल कुमार झा ने राज्य में बंद चीनी मिलों के पुनरुद्धार, प्रस्तावित नई चीनी मिलों की स्थापना, गन्ना किसानों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, गन्ना क्षेत्र विस्तार कार्यक्रमों तथा निवेश प्रोत्साहन संबंधी विभागीय पहलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग गन्ना उत्पादन बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों के प्रसार तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बैठक के दौरान विधानसभा में उठाए गए सासामुसा चीनी मिल से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बरौली विधायक मंजीत कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सासामुसा चीनी मिल की नीलामी प्रक्रिया, चीनी मिलों में प्रदूषण एवं जलजमाव की समस्याओं के समाधान तथा गन्ना फसल सहायता से जुड़े मुद्दे उठाए।

साथ ही विधायकगण ने राज्य की बंद सभी चीनी मिलों के पुनः परिचालन, गन्ना किसानों के बकाया भुगतान, किसानों के हितों की प्रभावी सुरक्षा, गन्ना किसान पहचान पत्र (कार्ड) उपलब्ध कराने, नि:शुल्क बीज प्राप्त किसानों की सूची सार्वजनिक करने, चीनी मिलों की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने, बिहार से उत्तर प्रदेश जाने वाले गन्ने पर प्रभावी रोक लगाने, अन्य राज्यों की तर्ज पर गन्ने का उचित मूल्य निर्धारित करने, ईख अधिनियम का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा गन्ना मूल्य निर्धारण प्रक्रिया में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल करने जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री संजय कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई प्रत्येक समस्या सरकार के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बैठक में प्राप्त सुझावों एवं मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के लक्ष्य को लेकर प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में विभाग तेजी से कार्य कर रहा है। इससे गन्ना किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा राज्य की औद्योगिक प्रगति को नई गति मिलेगी।

बैठक के अंत में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों के हितों की रक्षा, चीनी उद्योग के पुनर्जीवन तथा बिहार को गन्ना एवं चीनी उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, किसानों, निवेशकों एवं विभागीय अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से राज्य का चीनी उद्योग एक बार फिर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article