छठ पूजा में आज भी कायम है सदियों पुरानी परंपरा, मिट्टी के चूल्हे पर बनता है ठेकुआ

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ में जितना महत्व सूर्य उपासना और कठिन व्रत का है, उतना ही महत्व शुद्धता और पवित्रता के साथ तैयार होने वाले महाप्रसाद का भी है। यही वजह है कि आधुनिकता के दौर में भी छठ का प्रसाद पारंपरिक मिट्टी के चूल्हे पर ही तैयार किया जाता है। पटना में छठ की तैयारियों के बीच महिलाएं मिट्टी के चूल्हे बनाने और पूजा की अन्य तैयारियों में जुटी हैं। कहीं मिट्टी को आकार देकर चूल्हा तैयार किया जा रहा है, तो कहीं छठ के पारंपरिक गीतों के बीच पर्व की तैयारियां चल रही हैं।

मिट्टी के चूल्हे पर बनता है छठ का महाप्रसाद
छठ महापर्व में मिट्टी के नए चूल्हे का विशेष महत्व है। पारंपरिक मान्यता के अनुसार, इस चूल्हे पर पूरी स्वच्छता और पवित्रता के साथ प्रसाद तैयार किया जाता है। इसमें गोइठे और आम की लकड़ियों का इस्तेमाल किया जाता है। इसी पारंपरिक चूल्हे पर ठेकुआ सहित अन्य प्रसाद तैयार किए जाते हैं।
पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा आज भी बरकरार
समय के साथ रहन-सहन और रसोई के तौर-तरीकों में काफी बदलाव आया है, लेकिन छठ की यह परंपरा आज भी कायम है। महिलाएं पूरी श्रद्धा के साथ मिट्टी के चूल्हे तैयार करती हैं और प्रसाद बनाने की व्यवस्था में जुट जाती हैं। इस दौरान गूंजते छठ के पारंपरिक गीत माहौल को भक्तिमय बना देते हैं।

आस्था के साथ संस्कृति और विरासत का पर्व है छठ
दरअसल, छठ महापर्व की यही खूबसूरती है कि आधुनिकता के बीच भी सदियों पुरानी परंपराएं जीवित हैं। मिट्टी के चूल्हे को आकार देते महिलाओं के हाथ, गोइठे की आंच और छठ गीतों की मधुर गूंज इस पर्व की सांस्कृतिक विरासत को बयां करती है। मिट्टी के चूल्हे पर तैयार होने वाला प्रसाद केवल खान-पान का हिस्सा नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और पीढ़ियों से चले आ रहे संस्कारों का प्रतीक है।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट।

Share This Article