पटना में पूर्व डीजीपी के घर चोरी का पर्दाफाश,पुलिस ने दो आरोपितों को दबोचा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : राजधानी पटना में पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रूपसपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की जांच करते हुए पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में घर में काम करने वाला सोनू कुमार और गोला रोड का सोनार विनय कुमार शामिल है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर करीब 100 ग्राम सोने जैसी दिखने वाली ज्वेलरी बरामद की है।

तकनीकी जांच के आधार पर दो आरोपित गिरफ्तार
इस मामले की जानकारी देते हुए एसपी दानापुर अजीत कुमार ने बताया कि पूर्व डीजीपी के घर हुई चोरी की घटना का खुलासा कर लिया गया है। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में बरामद आभूषणों की प्रकृति और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

7 अक्टूबर को दर्ज हुई थी चोरी की शिकायत
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित पूर्व डीजीपी के घर में चोरी को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर रूपसपुर थाना कांड संख्या 721/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
इस मामले में घर में काम करने वाली दो महिलाओं समेत पांच लोगों को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
घरेलू कर्मचारी की निशानदेही पर ज्वेलरी बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त सोनू कुमार (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह पटना के आईआईटी अम्हारा थाना क्षेत्र के चकमुजे का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, सोनू कुमार की निशानदेही पर घर से चोरी हुई सोने जैसी दिखने वाली कुछ ज्वेलरी बरामद की गई। इसके बाद मामले में गोला रोड के सोनार विनय कुमार की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article