NEWS PR डेस्क : गया शहर में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। विष्णुपद थाना क्षेत्र के खटकाचक नैली मोड़ पर तेज रफ्तार एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मोमो दुकान में जा घुसा। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुकान संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राम प्रवेश प्रजापति नामक युवक मोमो दुकान पर खड़े होकर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे दुकान में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राम प्रवेश प्रजापति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दुकान संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसे में मृतक की स्कूटी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। मृतक की पहचान राम प्रवेश प्रजापति के रूप में हुई है, जो गया जिले के कोशडिहरा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही टाउन डीएसपी, विष्णुपद थानाध्यक्ष और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
