NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के रामनगर थाना क्षेत्र के वार्ड-23 स्थित मिल बहुवरी में पति-पत्नी के विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मिल बहुवरी निवासी सरफराज आलम की पत्नी हुश्नतारा खातून के रूप में हुई है। घटना के बाद उसके पति सरफराज आलम के घर से फरार होने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही रामनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो साल पहले हुई थी शादी, विवाद के बाद हुई मौत
बताया जा रहा है कि हुश्नतारा खातून की शादी करीब दो वर्ष पहले सरफराज आलम से हुई थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं हालांकि, महिला की मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतका की करीब 8 माह की दुधमुंही बच्ची ताहिरा खातून है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद रामनगर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना से पहले पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पति के फरार होने से उठ रहे सवाल, हर पहलू की जांच
घटना के बाद से मृतका के पति के फरार होने की बात सामने आने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस पति की तलाश के साथ ही आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। मामले में मृतका की सास मदीना खातून का भी बयान लिया जा रहा है।
पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़