NEWS PR डेस्क ;— पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां फर्जी ट्रैकमैन बनकर रेलवे ट्रैक पर कर रहे थे सर्वे, दो गिरफ्तार ,
नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड के मुसहरवा हाल्ट के समीप रेलवे ट्रैक पर ट्रैकमैन बनकर सर्वे कर रहे दो युवकों को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से फर्जी रेलवे आईकार्ड, हथौड़ा, लाल-हरा झंडा और बांस की पट्टियां बरामद हुई हैं। वहीं, एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार दोनों युवक महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7:55 बजे पीडब्ल्यूआई बेतिया अवधेश कुमार को की-मैन शिवपूजन साह ने सूचना दी कि मुसहरवा हाल्ट के पास तीन संदिग्ध लोग रेलवे ट्रैक पर हथौड़ा, फ्लैग और बांस की पट्टी लेकर घूम रहे हैं। सूचना पर सउनि कमलेश सिंह यादव पुलिस बल के साथ पहुंचे और करीब 8:40 बजे दो युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम कुणाल आनंद (21) और दिनेश बारकू धनगर (23) बताया। उनके पास मिले मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे के आईकार्ड सत्यापन में फर्जी पाए गए।
जांच में ट्रैकमैन की ऐसी कोई भर्ती नहीं होने की बात सामने आई।
दोनों ने पुलिस को बताया कि समस्तीपुर निवासी शैलेंद्र सिंह ने स्पोर्ट्स कोटा से रेलवे में ट्रैकमैन की नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे 10-10 लाख रुपये लिए थे प्रशिक्षण के बाद उन्हें ट्रैक सर्वे के लिए भेजा गया था। मामले में आदित्य महादु पाटील फरार है। राजकीय रेल थाना नरकटियागंज में कांड संख्या 41/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट :—