मिड-डे मील खाने से 15 बच्चे बीमार, दाल में छिपकली मिलने का आरोप!

Jyoti Sinha
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

औरंगाबाद: औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड के पिरवां पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को मिड-डे मील खाने के बाद करीब 15 बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। बच्चों और परिजनों का आरोप है कि परोसी गई दाल में मरी हुई छिपकली मिली थी। इस घटना से विद्यालय परिसर और गांव में हड़कंप मच गया।बीमार बच्चों ने इलाज के दौरान बताया कि दोपहर के भोजन के समय एक छात्र की थाली में दाल से मृत छिपकली निकली।

उसने तुरंत यह बात शिक्षक और रसोइए को दिखाई और खाना फेंक दिया। इसके कुछ ही देर बाद कई बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी।हालांकि, विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार मिश्रा ने बच्चों के दावे से इनकार किया। उनका कहना है कि अक्सर जब एक बच्चा बीमार होता है तो बाकी बच्चे भी डर और मानसिक दबाव में उल्टी करने लगते हैं। उनके अनुसार दाल में छिपकली मिलने की बात सही नहीं है।लेकिन परिजन और ग्रामीण प्रधानाध्यापक की बात मानने को तैयार नहीं हुए। उनका कहना है कि बच्चों की शिकायत को गंभीरता से लेकर जांच होनी चाहिए।

इसी विवाद के बाद सलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अध्यक्ष कन्हैया शर्मा ने सभी बच्चों को अपनी गाड़ी से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर लाकर भर्ती कराया। वर्तमान में सभी बच्चे उपचाराधीन हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।घटना की सूचना पर कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। बीडीओ, डीपीओ स्थापना भोला कर्ण और बीइओ संजीव कुमार सिंह ने बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। डीपीओ भोला कर्ण ने कहा कि यदि बच्चे छिपकली मिलने की बात कह रहे हैं, तो भोजन का सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।यह घटना एक बार फिर से मिड-डे मील योजना की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल खड़े करती है। गरीब बच्चों के पोषण के लिए चलाई जा रही इस योजना में बार-बार लापरवाही और असुरक्षा की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे बच्चों की सेहत पर खतरा मंडराने लगता है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article