होली-रमजान-ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सख्त निर्देश

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: आगामी होली, रमजान और ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि होली, रमजान और ईद जैसे पर्व सामाजिक समरसता और भाईचारे के प्रतीक हैं। इन पर्वों के दौरान शांति बनाए रखना प्रशासन और आम नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति की निगरानी करेंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि वे स्वयं पुलिस अधीक्षक के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे और कानून-व्यवस्था की सतत समीक्षा करेंगे। अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। तेज रफ्तार बाइक चलाने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से सामाजिक स्तर पर जागरूकता फैलाने में सहयोग की अपील की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि पर्वों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है तथा सीसीए-3 के अंतर्गत भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। शराब और अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।

शांति समिति के सदस्यों ने मधुबनी की गंगा-जमुनी तहजीब की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सभी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होंगे। सदस्यों ने प्रशासन की तत्परता की प्रशंसा करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में एडीएम मुकेश रंजन सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Share This Article