NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार विधानसभा में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए मतदान के दौरान राजनीतिक हलचल तेज रही। वोट डालने के लिए विधायक विधानसभा परिसर में कतार में खड़े नजर आए। इस बीच एनडीए और महागठबंधन दोनों ही खेमों के नेता अपनी-अपनी जीत के दावे करते रहे।
इसी दौरान बेगूसराय से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक बोगो सिंह ने मीडिया से बातचीत में ऐसा बयान दिया, जिसने सियासी गलियारों में चर्चा तेज कर दी। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि महागठबंधन की स्थिति मजबूत नहीं दिख रही है।
वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए बोगो सिंह ने कहा, “तीसरा वोट हमने ही किया है। महागठबंधन कहीं कुछ नजर ही नहीं आ रहा है। उनका तो वोटर भी नजर नहीं आ रहा है। तेजस्वी यादव मोर्चा संभाल कर ही क्या कर लेंगे, जब वोट ही नहीं रहेगा। तेजस्वी जी बराबर दावा करते रहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “विधानसभा चुनाव में भी तेजस्वी दावा किए थे कि मेरी सरकार बनेगी। यहां तक गांधी मैदान में सीएम पद की शपथ लेने के लिए डेट भी अनाउंस कर दिया था। लेकिन क्या हश्र हुआ। सिर्फ बोलने से कुछ नहीं होता है, यहां आंकड़े का खेल है। पांचों सीट पर एनडीए की जीत तय है। कहीं कोई शक नहीं है।”
राज्यसभा चुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और सभी दल अपने-अपने पक्ष में जीत का दावा कर रहे हैं।