पटना में महिला मेगा जॉब फेयर का आगाज़, पहले दिन 1188 महिलाओं को मिला रोजगार

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 16 मार्च 2026। समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा आयोजित दो दिवसीय महिला मेगा जॉब फेयर का सोमवार को पटना के ज्ञान भवन में शुभारंभ हुआ। रोजगार मेले के पहले ही दिन 1188 महिलाओं को विभिन्न कंपनियों में नौकरी मिली, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

इस मेगा जॉब फेयर में लगभग 50 राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने भाग लिया और इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल, हेल्थकेयर, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, आईटी/बीपीओ, मैन्युफैक्चरिंग तथा सिक्योरिटी सहित कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। मेले में बिहार के विभिन्न जिलों से करीब 5500 महिलाएं रोजगार की उम्मीद लेकर पटना पहुंचीं।

ज्ञान भवन परिसर में प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण, काउंसलिंग, इंटरव्यू और चयन की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी। प्रतिभागियों का पहले रजिस्ट्रेशन किया गया, इसके बाद उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार काउंसलिंग दी गई। इसके पश्चात कंपनियों द्वारा ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू लिए गए और सफल उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

महिलाओं की सुविधा के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से पिंक बस सेवा के माध्यम से सुरक्षित आवागमन की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। इस आयोजन में ग्रामीण और शहरी दोनों पृष्ठभूमि से आने वाली युवतियों, शिक्षित बेरोजगार महिलाओं और कौशल प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

जॉब फेयर में ब्लिंकिट, फ्लिपकार्ट, बजाज ऑटो लिमिटेड, मुथूट फाइनेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, क्रोमा (टाटा एंटरप्राइज), एथर एनर्जी, जूडियो, मेडमिक्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, टीवीएस मोटर कंपनी, आईटीसी लिमिटेड, वेस्टसाइड, एयरटेल, अपोलो हॉस्पिटल्स और योकोहामा जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी और संयुक्त सचिव योगेश कुमार सागर ने बताया कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

इस अवसर पर युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव कौशल कुमार सहित महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। दो दिवसीय यह जॉब फेयर 17 मार्च को भी सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक जारी रहेगा, जिसमें इच्छुक महिलाएं भाग लेकर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकती हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article