पटना में अंबेडकर आवासीय विद्यालय ने रचा इतिहास, इंटर परीक्षा में 100% प्रथम श्रेणी परिणाम

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 23 मार्च 2026। राजधानी पटना स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, गायघाट की छात्राओं ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार सरकार के इस विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत प्रथम श्रेणी रहा, जिसने न केवल विभाग बल्कि पूरे राज्य का मान बढ़ाया है।

विद्यालय की सभी छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं, जबकि द्वितीय और तृतीय श्रेणी में एक भी छात्रा नहीं रही। खास बात यह रही कि कुल 26 छात्राओं ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विज्ञान, कला और वाणिज्य-तीनों संकायों में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और समर्पित शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल और संसाधन उपलब्ध कराए जाने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, जिसका सकारात्मक असर परीक्षा परिणाम में देखने को मिला।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

इस उपलब्धि पर विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने खुशी जताते हुए छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता वंचित वर्ग की बेटियों के सशक्तिकरण का प्रतीक है और यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस उपलब्धि की सराहना करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही, विभाग ने भविष्य में ऐसे शिक्षण संस्थानों को और मजबूत बनाने तथा छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article