मोबाइल टावर बना ‘लव ड्रामा’ का मंच, युवक बोला—शादी नहीं तो कूद जाऊंगा

Mobile tower becomes the stage for 'love drama'

Neha Nanhe

भागलपुर: जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक एकतरफा प्यार में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। यह घटना बलुवाचक स्थित हरिहर बाबा स्थान के पास की है, जहां युवक करीब 4 घंटे तक टावर पर बैठा रहा और जमकर हंगामा करता रहा।
युवक की पहचान सन्हौली पंचायत के तरडीहा गांव निवासी सुबोध राय के 24 वर्षीय पुत्र भास्कर कुमार उर्फ अभिषेक के रूप में हुई है

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अपनी प्रेमिका से जबरन शादी करने की जिद पर अड़ा हुआ था। वह बार-बार मांग कर रहा था कि लड़की को मौके पर बुलाया जाए। युवक ने साफ तौर पर चेतावनी दी कि जब तक उसकी प्रेमिका शादी के लिए हामी नहीं भरेगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। इतना ही नहीं, उसने आत्महत्या की धमकी देते हुए कहा कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वह टावर से कूद जाएगा। जबरन शादी करने की जिद

मोबाइल टावर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम और जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए युवक को समझाने की कोशिश की। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, इस घटना ने मोबाइल टावर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आखिर युवक टावर परिसर में कैसे दाखिल हुआ और इतनी ऊंचाई तक कैसे पहुंच गया। क्या वहां कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था या निगरानी व्यवस्था पूरी तरह से नाकाम रही? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

भागलपुर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article