बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल भागलपुर जंक्शन अब बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। बढ़ती यात्रियों की संख्या और ट्रेनों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन के विस्तार और आधुनिकीकरण की व्यापक योजना तैयार की है। निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारी अमरेंद्र कुमार मौर्य ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 का विस्तार किया जाएगा, ताकि 23 कोच वाली फुल लेंथ ट्रेनों का संचालन आसानी से हो सके। इससे लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव में आने वाली समस्याएं कम होंगी और समयबद्ध संचालन में सुधार आएगा।
ट्रेनों की आवाजाही और बेहतर तरीके से हो सकेगी
इसके साथ ही यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य भी जल्द शुरू होने की संभावना है, जिससे ट्रेनों की आवाजाही और बेहतर तरीके से हो सकेगी। स्टेशन परिसर में यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एक विशेष “होल्डिंग एरिया” बनाया जाएगा, खासकर त्योहारों के दौरान यह व्यवस्था काफी मददगार साबित होगी। नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया जाएगा, जिससे भीड़ और भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। इसके अलावा स्टेशन के पुनर्विकास की भी योजना बनाई जा रही है, जिसके तहत इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए। यात्रियों से अपील की गई है कि वे पटरियों को पार करने के बजाय केवल प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। आने वाले समय में भागलपुर जंक्शन न सिर्फ सुविधाओं के मामले में बेहतर होगा, बल्कि यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव भी प्रदान करेगा।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट