पटना में भीषण गर्मी का प्रकोप: जिला प्रशासन अलर्ट, 400 प्याऊ व 15 आश्रय स्थल बनाए गए

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 18 मई। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने आम लोगों को राहत देने के लिए बड़े स्तर पर पेयजल व्यवस्था शुरू की है। जिलाधिकारी पटना के निर्देश पर जिले के 17 नगर निकायों और 26 अंचलों में विशेष इंतज़ाम किए गए हैं, ताकि लोगों को गर्मी के दौरान पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।

प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहगीरों, रिक्शा चालकों, मजदूरों, दुकानदारों और आम नागरिकों के लिए नि:शुल्क प्याऊ एवं पेयजल की व्यवस्था की गई है। जानकारी के अनुसार, जिले के 17 नगर निकायों में कुल 400 स्थानों पर प्याऊ लगाए गए हैं, जबकि लोगों को राहत देने के लिए 15 आश्रय स्थलों का भी संचालन किया जा रहा है।

वहीं, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) ने भी गर्मी को देखते हुए व्यापक तैयारी की है। जिले के विभिन्न प्रखंडों में 46 चलंत चापाकल मरम्मति दल तैनात किए गए हैं, ताकि खराब पड़े चापाकलों को तुरंत दुरुस्त किया जा सके। प्रशासन का दावा है कि फिलहाल जिले में पेयजल का कोई संकट नहीं है।

पीएचईडी पटना पूर्व और पश्चिम के नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय कर दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सभी चापाकलों को चालू रखने का निर्देश दिया गया है। यदि किसी क्षेत्र में पानी की कमी होती है तो वहां टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि पेयजल से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नियंत्रण कक्ष में संपर्क करें। शिकायत दर्ज कराने के लिए लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, पटना पूर्व का नंबर 0612-2225796 तथा पटना पश्चिम का नंबर 0612-2280879 जारी किया गया है। इन नंबरों पर सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायतों, विद्यालयों, हाट-बाजारों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

Share This Article