हरित भविष्य की ओर कदम, विश्व साइकिल दिवस पर नवगछिया में भव्य आयोजन

तेल बचाओ, साइकिल अपनाओ’ के नारों के साथ युवाओं और विद्यार्थियों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

भागलपुर/नवगछिया: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा की ओर से मंगलवार को भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को साइकिल के उपयोग के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था। कार्यक्रम में युवाओं, विद्यार्थियों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


फीता काटकर किया गया रैली का शुभारंभ
रैली का शुभारंभ गौशाला रोड स्थित बाल भारती विद्यालय परिसर से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बाल भारती विद्यालय के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका, मंच के संरक्षक अभय प्रकाश मुनका, नरेश केडिया, प्रवीण केजरीवाल तथा पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
साइकिल स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए जरूरी
इस अवसर पर अजय कुमार रुंगटा ने कहा कि साइकिल केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का प्रभावी माध्यम है। वहीं संरक्षक नरेश केडिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा तेल की खपत कम करने और आयातित ईंधन पर निर्भरता घटाने की अपील की गई है, जिसमें छोटी दूरी के लिए साइकिल सबसे बेहतर विकल्प साबित हो सकती है।
पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा ने कहा कि “जिंदगी और साइकिल दोनों में चैन का होना जरूरी है”, जबकि शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका ने साइकिलिंग के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका नियमित उपयोग हृदय रोगों के जोखिम को कम करता है और मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाता है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →


शहर में निकली जागरूकता रैली
‘युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति’ और ‘तेल बचाओ, साइकिल अपनाओ’ जैसे नारों के साथ निकली रैली बाल भारती विद्यालय से शुरू होकर महाराज जी चौक, हरियापट्टी, भगत मोहल्ला, नवगछिया स्टेशन परिसर, मालगोदाम, मारवाड़ी विवाह भवन और गरीबदास ठाकुरबाड़ी रोड होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची। रैली के दौरान लोगों को साइकिल अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
स्वस्थ समाज और हरित भविष्य का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों के बीच ठंडा पानी, जूस और बिस्किट का वितरण किया गया। साथ ही सभी ने स्वस्थ समाज, स्वच्छ पर्यावरण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए अधिकाधिक साइकिल उपयोग करने का संकल्प लिया। मारवाड़ी युवा मंच ने आम लोगों से अपील की कि वे छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल का उपयोग बढ़ाएं, जिससे ईंधन की बचत, यातायात का दबाव कम और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
इन लोगों का रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में बाल भारती विद्यालय के संजय चिरानियां, शिक्षक पुरुषोत्तम जी, सौरभ गर्ग, ओम यादुका, गोविंद केडिया, कमल टिबड़ेवाल, संदीप चिरानियां, आनंद केडिया, पंकज टिबड़ेवाल, शंभू चिरानियां, विक्की केडिया, डॉ. बी.एल. चौधरी, राजेश कनोडिया, प्रो. विजय कुमार, भगवती पंसारी, कमलेश अग्रवाल, डॉ. आनंद विक्रम सहित मंच के कई सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article