अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगमय हुआ बगहा, भारत-नेपाल सीमा पर हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बगहा,21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को भारत-नेपाल सीमा से सटे बगहा क्षेत्र में योग का व्यापक आयोजन किया गया। सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं की ओर से आयोजित योग शिविरों में अधिकारियों, जवानों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से ही पूरे क्षेत्र में योगमय माहौल देखने को मिला।

मंगलपुर स्थित एसएसबी 21वीं बटालियन मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एसएसबी डीआईजी हरि प्रकाश, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, एसडीएम चांदनी कुमारी सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और जवानों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। सुबह 7 बजे से 9 बजे तक चले दो घंटे के विशेष सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।

“करें योग, रहें निरोग” संदेश के साथ आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और नियमित योग के महत्व को समझा। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी।

जानकारी के अनुसार, बगहा व्यवहार न्यायालय परिसर, मंगलपुर स्थित एसएसबी 21वीं बटालियन मुख्यालय तथा एसएसबी 65वीं वाहिनी मुख्यालय बेतिया में विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। एसएसबी 21वीं बटालियन मुख्यालय में डीआईजी हरि प्रकाश और कमांडेंट तपेश्वर संवित राउत के नेतृत्व में अधिकारियों एवं जवानों ने सामूहिक योग किया। वहीं, एसएसबी 65वीं वाहिनी मुख्यालय में कमांडेंट नंदन सिंह मेहरा के नेतृत्व में योगाभ्यास कर स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया गया।

उधर, बगहा व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायाधीशों और न्यायिक कर्मियों ने भी सामूहिक योग कर समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ आयु के लिए योग) रखी गई है। इसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में लोगों को स्वस्थ, सक्रिय, आत्मनिर्भर और मानसिक रूप से सशक्त बनाए रखने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना है।

Share This Article