NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 05 जुलाई। आकांक्षी प्रखंड पीरपैंती की शैक्षिक व्यवस्था का सोशल ऑडिट 6 जुलाई से शुरू होगा। इसे लेकर जिला शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोशल ऑडिट के तहत प्रखंड के सभी 190 विद्यालयों का मूल्यांकन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना है।
सोशल ऑडिट की तैयारियों के तहत शेरमारी स्थित उच्च विद्यालय में प्रखंड के 190 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीआरडीए कार्यालय से पहुंचीं सोशल ऑडिटर सतीमा बेगम ने ऑडिट की प्रक्रिया, उद्देश्य और आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत शिक्षा क्षेत्र के प्रदर्शन के लिए 30 अंकों का वेटेज निर्धारित किया गया है। इसी आधार पर विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, संसाधनों और अन्य मानकों का आकलन किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, प्रत्येक विद्यालय में सोशल ऑडिट की प्रक्रिया छह दिनों तक चलेगी। पहले पांच दिनों में विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक बिंदुओं का मूल्यांकन किया जाएगा, जबकि छठे दिन ग्राम सभा आयोजित कर ऑडिट के निष्कर्ष और सुझाव स्थानीय लोगों के साथ साझा किए जाएंगे।

बैठक में सभी प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों के आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने और ऑडिट टीम को हर संभव सहयोग देने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों को आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम तथा शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
शिक्षा विभाग का कहना है कि सोशल ऑडिट के माध्यम से विद्यालयों की कार्यप्रणाली का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा। इससे शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, जवाबदेही बढ़ाने और शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
