NEWS PR डेस्क:अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग को लेकर भागलपुर पुलिस प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। समीक्षा भवन में वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी शामिल हुए। बैठक में अपराध की स्थिति, लंबित कांडों की समीक्षा और पुलिस कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
बैठक के दौरान बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले कुछ थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जाए। साथ ही आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
श्रावणी मेला को लेकर विशेष तैयारी के निर्देश
बैठक में आगामी श्रावणी मेला को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा हुई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है, इसलिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ बेहतर जनसेवा और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
