NEWS PR डेस्क: पटना यूनिवर्सिटी के बीएन कॉलेज (BN College) हॉस्टल परिसर में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की भारी खेप बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में कुल 1786 बोतल विदेशी शराब, करीब 354 लीटर, बरामद की गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 4.30 लाख रुपये बताई जा रही है।

जर्जर मकान में छिपाकर रखी गई थी शराब
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि बीएन कॉलेज कैंपस के पीछे स्थित एक जर्जर मकान में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के बाद विभाग ने कार्रवाई के लिए टीम गठित की और पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान मौके से विदेशी कंपनी की निर्मित शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। बरामद शराब को जब्त कर उसकी जांच और गिनती की गई।
1786 बोतल में मिली 354 लीटर शराब
उत्पाद विभाग के आयुक्त ने बताया कि छापेमारी के दौरान 1786 बोतल में कुल 354 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 30 हजार रुपये है। मामले में शराब किसकी थी और इसे कॉलेज परिसर के पीछे स्थित जर्जर मकान तक कैसे पहुंचाया गया, इसकी जांच की जा रही है।
उत्पाद विभाग ने एक व्यक्ति को पकड़ा
पीरबहोर थाना के SHO राजकुमार सिंह ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा है। उसकी निशानदेही पर बंद पड़े हॉस्टल से शराब बरामद होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि छापेमारी में पीरबहोर थाने की पुलिस ने भी उत्पाद विभाग की टीम का सहयोग किया। मौके पर थाना पुलिस के कर्मी मौजूद थे।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर दोषियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कॉलेज परिसर में मचा हड़कंप
बीएन कॉलेज हॉस्टल परिसर में शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन और छात्रों के बीच चर्चा का माहौल है। उत्पाद विभाग की कार्रवाई को शराब के अवैध भंडारण और तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल विभाग बरामद शराब से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।