NEWS PR डेस्क : पटना: आरजेडी सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव शुक्रवार को पटना से दिल्ली रवाना होंगे। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में 3 अक्टूबर को IRCTC होटल टेंडर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अहम सुनवाई होनी है। इस मामले में लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव समेत कुल नौ आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
अदालत ने 10 सितंबर को मामले में कुल 16 आरोपियों में से नौ के खिलाफ PMLA के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया था। वहीं, सात आरोपियों को मामले से बरी कर दिया गया था। आरोपों का सामना करने वालों में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, प्रेम चंद गुप्ता, सरला गुप्ता, सुजाता होटल्स, लारा प्रोजेक्ट्स तथा होटल कारोबारी विनय कोचर और विजय कोचर शामिल हैं।
यह मामला उस अवधि से जुड़ा है, जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे। CBI और ED के आरोपों के मुताबिक, रेलवे के रांची और पुरी स्थित दो होटलों के टेंडर में कथित अनियमितताओं के बदले पटना की जमीन से जुड़ा लेन-देन किया गया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि IRCTC के होटल संचालन से जुड़े टेंडर में कथित तौर पर अनियमितता बरतते हुए सुजाता होटल्स को लाभ पहुंचाया गया और इसके बदले जमीन एवं कंपनी के शेयरों के हस्तांतरण का लेन-देन हुआ।
जांच एजेंसियों ने इस कथित लेन-देन को ‘क्विड प्रो क्वो’ यानी एक लाभ के बदले दूसरे लाभ से जोड़कर देखा है। ED ने मामले में 2018 में चार्जशीट दाखिल की थी। अब 3 अक्टूबर की सुनवाई में अदालत आरोप तय करने की औपचारिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी। लालू परिवार की ओर से आरोपों से इनकार किया जाता रहा है। मामले में आगे की स्थिति अदालत की कार्यवाही और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तय होगी।