पटना में STF की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत; मनेर थानाध्यक्ष घायल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर में गंगा नदी किनारे हुई इस मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत हो गई, जबकि मनेर थानाध्यक्ष गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस और अपराधियों के बीच करीब 40 से अधिक राउंड फायरिंग हुई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस और एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि शेरपुर गंगा नदी किनारे आधा दर्जन से अधिक अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की।
इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष के हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन अपराधियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जेपी यादव, बब्लू कुमार और राजा शर्मा के रूप में हुई है।
दोनों तरफ से चलीं 40 से अधिक राउंड गोलियां
पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान पुलिस की ओर से 18 राउंड और अपराधियों की ओर से करीब 24 से 25 राउंड फायरिंग की गई। घटनास्थल से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अपराधी फरार होने में सफल रहे।
अष्टमी हत्याकांड में भी वांछित थे तीनों अपराधी
पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि मारे गए तीनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है। मनेर में अष्टमी के दिन हुई हत्या की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई थी और वे इस मामले में वांछित थे। इसके अलावा दानापुर और शाहपुर समेत अन्य थाना क्षेत्रों में भी उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज थे।
मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के वरीय अधिकारी घटनास्थल की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हैं। फिलहाल शेरपुर में हुई इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में हलचल तेज है। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश के साथ उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article