लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा अब चारों ओर दिखाई देने लगी है। इसी के साथ बिहार की राजधानी पटना के दुल्हिनबाजार स्थित प्राचीन उलार सूर्य मंदिर में भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मन्नतों का धाम कहे जाने वाले इस मंदिर में कोई अपनी पुरानी मन्नत पूरी होने पर आभार जताने पहुंच रहा है, तो कोई नई मनोकामना लेकर भगवान भास्कर के दरबार में हाजिरी लगा रहा है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। यही वजह है कि छठ महापर्व के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालु यहां सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र राजा साम्ब को ऋषि-मुनियों के श्राप से इसी पवित्र स्थल पर मुक्ति मिली थी। तभी से यह स्थान सूर्य उपासना के प्रमुख केंद्रों में गिना जाता है। देश के प्रमुख सूर्य अर्घ्य स्थलों में शामिल उलार सूर्य धाम की अपनी अलग धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान है।
मंदिर परिसर में इन दिनों आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना कर रहे हैं और मंदिर के साथ पवित्र तालाब की परिक्रमा कर रहे हैं। मन्नत पूरी होने पर यहां बच्चों का मुंडन कराने और नेटुआ यानी लौंडा नाच कराने की भी परंपरा है। तस्वीरों में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और उत्साह साफ नजर आ रहा है।गुजरात के सूरत से पहुंचीं सोनी गुप्ता बताती हैं कि उन्होंने पुत्र प्राप्ति की कामना को लेकर भगवान भास्कर से मन्नत मांगी थी। उनकी मनोकामना पूरी होने के बाद वह अपनी मन्नत उतारने के लिए सूरत से उलार सूर्य मंदिर पहुंची हैं।वहीं, पटना से पहुंचीं गुड़िया देवी का कहना है कि उन्होंने पुत्र की प्राप्ति के लिए मन्नत मांगी थी। मनोकामना पूरी होने पर वह पूरे परिवार के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने और पूजा-अर्चना करने यहां पहुंची हैं।
उलार सूर्य मंदिर के महंत अवध बिहारी दास बताते हैं कि यह एक प्राचीन धार्मिक स्थल है, जहां आदिकाल से भगवान सूर्य की आराधना होती आ रही है। छठ महापर्व के दौरान पूरे देश के अलावा नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में स्थित तालाब को लेकर भी श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। मान्यता है कि इस तालाब में स्नान करने से चर्म रोगों से मुक्ति मिलती है और सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है।कुल मिलाकर, छठ महापर्व के अवसर पर उलार सूर्य मंदिर एक बार फिर आस्था, विश्वास और परंपरा का बड़ा केंद्र बनता नजर आ रहा है। कोई पुरानी मन्नत पूरी होने की खुशी लेकर पहुंच रहा है, तो कोई नई उम्मीद और विश्वास के साथ भगवान भास्कर के दरबार में माथा टेक रहा है। यहां उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़ इस धाम की धार्मिक महत्ता और लोगों की अटूट आस्था को बयां कर रही है।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट
