विक्रमशिला सेतु संकट के बीच बिहार सरकार का बड़ा फैसला, नाव-स्टीमर सेवा हुई मुफ्त

अब नहीं लगेगा किराया, गंगा पार यात्रा हुई आसान

Rashmi Tiwari

विक्रमशिला सेतु पर लगातार बने आवागमन संकट के बीच बिहार सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) के निर्देश पर गंगा नदी पार करने के लिए बरारी घाट से चलने वाली नाव और स्टीमर सेवाओं को पूरी तरह निशुल्क कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले को जमीन पर लागू करने के लिए सोमवार को भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी (Dr. Naval Kishore Choudhary) स्वयं बरारी घाट पहुंचे। उन्होंने नाविकों, घाट संवेदकों और परिवहन एजेंसियों के साथ विस्तृत बैठक की।


बैठक के बाद डीएम ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अब बरारी घाट से गंगा के दोनों किनारों पर आने-जाने वाले सभी आम नागरिकों, पैदल यात्रियों, बाइक सवारों और निजी चारपहिया वाहनों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह सेवा पूरी तरह मुफ्त रहेगी।
डीएम ने आगे बताया कि पहले प्रति व्यक्ति और बाइक के लिए लगभग 50-50 रुपये शुल्क लिया जाता था, जिससे रोजाना यात्रियों को करीब 200 रुपये तक का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था। अब इस फैसले से नवगछिया, दियारा और भागलपुर के बीच यात्रा करने वाले हजारों छात्रों, किसानों, मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।


उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नाविकों और निजी एजेंसियों को किसी प्रकार की आर्थिक चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि उनके राजस्व की भरपाई बिहार सरकार द्वारा की जाएगी। जिलाधिकारी ने घाट पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि यदि किसी भी यात्री से अवैध रूप से पैसे वसूले जाने की शिकायत मिली तो संबंधित नाविक या एजेंसी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का यह निर्णय स्थानीय जनता के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे गंगा पार आवागमन पहले से अधिक सुगम और सुलभ होने की उम्मीद है।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article