गया में पुस्तैनी संपत्ति विवाद ने लिया हिंसक रूप, पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल,एसएसपी से न्याय की गुहार

संपत्ति का विवाद बना हिंसा की वजह, न्याय की तलाश में दर-दर भटकता परिवार।

Rashmi Tiwari

बिहार के गया जिले में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब घर के हिस्से को लेकर चल रहे झगड़े में एक ही परिवार के लोगों के बीच हिंसक मारपीट हो गई। इस घटना में एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह मामला गया जिले के चाकंद थाना क्षेत्र के रहीम बिगहा गांव का है। पीड़ित जितेंद्र यादव और उनकी पत्नी गौरी देवी ने आरोप लगाया है कि वे पिछले दो वर्षों से अपने पुस्तैनी घर में हिस्से की मांग कर रहे थे, लेकिन उनके भाइयों—विष्णु यादव, अजय यादव और संजय यादव—द्वारा लगातार इसका विरोध किया जा रहा था।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब भी उन्होंने अपने हिस्से की मांग की, उनके साथ पहले भी मारपीट की गई थी और इसकी शिकायत चाकंद थाना में दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।घटना के दिन भी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि तीनों भाई लाठी-डंडे और हथियार से लैस होकर पीड़ित के घर में घुस आए और जितेंद्र यादव व उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों को गंभीर चोटें आईं, जिसमें जितेंद्र यादव के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।लगातार धमकियों और पुलिस कार्रवाई न होने से परेशान होकर पीड़ित दंपति ने अब एसएसपी से लिखित शिकायत देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट

Share This Article