स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले गांधी मैदान चकाचक, पेयजल और सफाई की विशेष तैयारी

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पटना के गांधी मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पटना नगर निगम की ओर से साफ-सफाई, जलनिकासी, रोशनी, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। गांधी मैदान की सफाई व्यवस्था के लिए कुल 52 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें पहली पाली में 32 और दूसरी पाली में 20 कर्मचारी जिम्मेदारी संभालेंगे। मैदान की डीप क्लीनिंग के साथ घास और झाड़ियों की सफाई कराई जा रही है। सभी शौचालयों की नियमित सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मच्छरों से बचाव के लिए गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में दो पालियों में फॉगिंग कराई जा रही है। सुबह के समय एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव भी किया जा रहा है, ताकि समारोह में पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। बारिश की स्थिति में जलजमाव से निपटने के लिए दो 10 एचपी पंप और तीन सुपर सकर मशीनें तैनात रहेंगी। इसके अलावा मौर्या होटल के पास एक अतिरिक्त सुपर सकर मशीन उपलब्ध रहेगी, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पानी की निकासी की जा सके।

गांधी मैदान के बाहरी हिस्से में 153 स्ट्रीट लाइट
प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। गांधी मैदान के बाहरी हिस्से में 153 स्ट्रीट लाइट और छह हाईमास्ट लाइट हैं, जबकि मैदान के अंदर 15 हाईमास्ट लाइट लगी हुई हैं। विद्युत विभाग सभी लाइटों की जांच कर उन्हें चालू रखने की व्यवस्था कर रहा है। सुरक्षा के लिहाज से अंदर लगे हाईमास्ट के आसपास लाल कपड़े से घेराबंदी भी की गई है।
पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था
समारोह में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। जलापूर्ति प्रमंडल की ओर से 3,600 लीटर क्षमता वाले छह वाटर टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही लोगों को निगम नीर की सुविधा भी मिलेगी। आगंतुकों की सुविधा के लिए गांधी मैदान में एक पिंक टॉयलेट और दो लू कैफे की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम इन सुविधाओं की साफ-सफाई और संचालन की निगरानी करेगा।
समारोह का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा
वहीं, स्वतंत्रता दिवस समारोह की गांधी मैदान से लाइव मॉनिटरिंग इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (ICCC) के जरिए की जाएगी। शहर में लगाए गए 15 वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले (VMD) के माध्यम से समारोह का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। इस तरह नगर निगम की ओर से समारोह के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

Share This Article