NH-327E पर भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार; तीन बच्चों समेत सात घायल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: सीमांचल को उत्तर बंगाल से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहादुरगंज-ठाकुरगंज एनएच-327ई पर सालगुड़ी गांव के समीप तेज रफ्तार कार अचानक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में तीन मासूम बच्चों सहित एक ही परिवार के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।


जानकारी के अनुसार, अररिया जिले से एक परिवार छुट्टियां बिताने और घूमने के लिए कार से सिलीगुड़ी जा रहा था। सफर के दौरान सालगुड़ी गांव के पास सड़क पर चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही कार अनियंत्रित हो गई और सीधे ट्रॉली से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार महिलाओं और तीन बच्चों समेत परिवार के सात सदस्य घायल हो गए। कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। किशनगंज से मशरूर रईस की रिपोर्ट

Share This Article