खगड़िया में 50,000 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक साइलो गोदाम का उद्घाटन, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दी प्रधानमंत्री को श्रेय

Patna Desk
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

खगड़िया (बिहार): केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण और नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज खगड़िया जिले में बनाए गए अत्याधुनिक साइलो गोदाम का उद्घाटन किया। यह साइलो 50,000 मीट्रिक टन अनाज भंडारण की क्षमता के साथ पूरी तरह से यंत्रीकृत और स्टील से निर्मित है, जो न्यूनतम स्थान में अधिकतम संग्रहण को संभव बनाता है।

जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि इस तरह की साइलो संरचना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2014 में रखी गई दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों की मदद से इस गोदाम में अनाज सुरक्षित रहेगा, जिससे भंडारण नुकसान (स्टोरेज लॉस) में काफी कमी आएगी।

गरीबी में ऐतिहासिक गिरावट का दावा

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

प्रह्लाद जोशी ने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चरम गरीबी की दर 27% से घटकर अब लगभग 5% रह गई है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है, जिससे करीब 26 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल सके हैं।

गरीब कल्याण और किसान हित में योजनाएं

उन्होंने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि देश के करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है — जो कई यूरोपीय देशों की कुल जनसंख्या से भी अधिक है। साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक 3.8 लाख करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में भेजे जा चुके हैं।

बिहार को मिल रही विशेष प्राथमिकता

अपने संबोधन में जोशी ने बिहार में केंद्र सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि कोसी महासेतु जैसी वर्षों से लंबित परियोजनाएं अब समय पर पूरी हो रही हैं। साथ ही मखाना बोर्ड का गठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार के प्रति विशेष प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

स्थानीय नेतृत्व की उपस्थिति

इस ऐतिहासिक अवसर पर बिहार सरकार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article